बिलासपुर- शिक्षा के स्तर को सुधारने और स्कूलों के बेहतर संचालन के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी सिलसिले में बिलासपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरगिट्टी से खबर सामने आ रही है। विद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए शासन के नियमानुसार और शाला प्राचार्य के कुशल मार्गदर्शन में शाला प्रबंधन समिति का गठन कर लिया गया है। इस बैठक में बड़ी संख्या में पालक और शिक्षक मौजूद रहे, जहाँ सर्वसम्मति से नई टीम का चुनाव किया गया।

आपको बता दें कि सिरगिट्टी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में लोकतांत्रिक और सर्वसम्मति के तरीके से पदाधिकारियों को चुना गया। कार्यक्रम की शुरुआत में पालक बलराम देवांगन ने अध्यक्ष पद के लिए गायत्री दुबे का नाम प्रस्तावित किया, जिसे वहां मौजूद सभी अभिभावकों और सदस्यों ने एक सुर में अपना समर्थन दिया।
वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए पुष्पेंद्र साहू ने धनंजय नवरंग के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे भी सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
समिति को मजबूती देने के लिए एक मजबूत सदस्य टीम का भी गठन किया गया है। इस नई कार्यकारिणी में बलराम देवांगन, मनोज दुबे, पुष्पेंद्र साहू, दुर्गेश यादव, दिनेश कौशिक, कृष्णा पाण्डेय, गिरधर पाटले, योगेश गुप्ता, श्रीफागूराम, हरिशंकर, गुरुदेव प्रसाद बारले, दिलेंद्र मनहर, सविता श्रीवास, गंगाबाई, पंच कुमारी, अनिल कुमार सोनी, निशा निषाद, चंद्रशेखर, बल्लू कुमार, सनत कुमार केवट, अनिल साहू, संजू रजक और विजय गोस्वामी जैसे कर्मठ नागरिकों को सदस्य के रूप में चुना गया है।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, नवगठित समिति के सभी सदस्यों ने विद्यालय के समग्र विकास, सुव्यवस्थित संचालन और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता अरुण पांडे , संतोष तिवारी और शिक्षक विकास कायरवार ने उपस्थित सभी पालकों और समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पालकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने और शाला के विकास में निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की।

