छत्तीसगढ़ में विद्युत वितरण कंपनियों के अंतर्गत कार्यरत् ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ (रायपुर) ने बिजली उपकेंद्रों और वितरण लाइनों पर काम करने वाले ठेका श्रमिकों की जान की सुरक्षा और लगातार हो रही विद्युत दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। इस संबंध में संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिशिर कुमार मजुमदार ने बिलासपुर स्थित मुख्य अभियंता (वि.क्षे.) छ.रा.पां.डिस्ट्री.क.लिमि. को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें 13 सूत्रीय मांगें रखी गई हैं।

पत्र के माध्यम से संघ ने बताया है कि 33/11 केवी लाइनों, वितरण लाइनों और अन्य विद्युत कार्यों में जुटे ठेका श्रमिकों को लगातार दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है, और कई मामलों में श्रमिकों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। विद्युत कार्य अत्यंत जोखिम भरा होने के बावजूद कई स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षित पर्यवेक्षक और सुरक्षा संसाधनों के बिना काम कराया जा रहा है।

संघ ने ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें उठाई हैं-सुरक्षा उपकरण: सभी ठेका श्रमिकों को नियमानुसार ISI/BIS मानक के हेलमेट, सेफ्टी शू, इंसुलेटेड दस्ताने और अन्य सुरक्षा किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाए। शटडाउन और परमिट- किसी भी लाइन या ट्रांसफार्मर पर काम शुरू करने से पहले लिखित शटडाउन और ‘परमिट टू वर्क’ का कड़ाई से पालन हो।
सुरक्षा पर्यवेक्षक- प्रत्येक कार्यस्थल पर सुरक्षा पर्यवेक्षक की नियुक्ति हो और सुरक्षा मानकों का नियमित ऑडिट कराया जाए। मुआवजा व चिकित्सा- दुर्घटना की स्थिति में घायल श्रमिक को तुरंत उचित चिकित्सा और पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा व बीमा राशि दी जाए।कंपनी में कार्यरत ठेका श्रमिकों को बोनस प्रदान किया जाए।
छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि यदि इन गंभीर मामलों और सुरक्षा उपायों पर तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो श्रमिकों की सुरक्षा खतरे में बनी रहेगी। संघ ने मांग की है कि विद्युत वितरण कंपनी के सभी कार्यस्थलों पर ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित आदेश जारी किए जाएं।

