बिलासपुर- छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के कुशल नेतृत्व में अपने गौरवशाली और ऐतिहासिक 2 वर्ष पूरे कर लिए हैं। सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, सुरक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण और संगठन विस्तार के मामले में इन दो सालों में संगठन ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
इस सफलता के जश्न और भविष्य की रणनीति को लेकर शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में एक राज्य स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के दो वर्षों के सफर की विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई।

28 जून 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे से रामदेव लॉन (36 मॉल के बगल, मंगला, बिलासपुर) में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इससे पहले यह आमसभा जगदलपुर और जांजगीर में हो चुकी है, और इस बार न्यायधानी बिलासपुर को मेजबानी का मौका मिला है। इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से लगभग 5,000 सराफा व्यापारी और पदाधिकारी शामिल होंगे।
कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में जहां संगठन की सिर्फ 60 सक्रिय इकाइयाँ थीं, वहीं जून 2024 में यह बढ़कर 91 हुईं और वर्तमान में 125 से अधिक इकाइयाँ संगठन से जुड़ चुकी हैं। अब संगठन का अगला संकल्प प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचकर 251 इकाइयों का गठन करना है।
सरकंडा क्षेत्र में हुई डकैती की घटना के महज 24 घंटे के भीतर बिलासपुर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा था। पुलिस और व्यापारियों के इस बेहतरीन तालमेल को ‘ऑपरेशन गोल्ड’ का नाम दिया गया। इस सफलता के लिए आईजी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पूरी टीम का एसोसिएशन ने सम्मान किया।
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाना संगठन की सबसे बड़ी ऐतिहासिक जीत है। इस पार्क में आधुनिक ऑफिस, कम्युनिटी हॉल और वर्ल्ड-क्लास व्यापारिक सुविधाएं होंगी।
बीआईएस (BIS) हॉलमार्क और सराफा जन-संवाद अभियान के जरिए ग्राहकों और व्यापारियों के बीच का भरोसा और मजबूत हुआ है।

BNS की धारा 317 का सरलीकरण
इस महासम्मेलन का मुख्य एजेंडा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 का सरलीकरण होगा। इस धारा की वजह से सराफा व्यापारियों को होने वाली व्यावहारिक और कानूनी दिक्कतों पर गंभीर चर्चा होगी और सरकार से नियमों को सरल बनाने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही स्वर्णकला बोर्ड की स्थापना भी संगठन के मुख्य उद्देश्यों में शामिल है।
इस महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, प्रदीप मारोठी घोरपड़े समेत सभी संभागों के कार्यकारी अध्यक्ष—संजय कानुगा (रायपुर), उत्तमचंद भंडारी (दुर्ग), पवन अग्रवाल (बिलासपुर), राजू दुग्गड़ (बस्तर), राजेश सोनी (सरगुजा) और जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह, जिला सचिव दीपक सोनी व श्रीकांत पाण्डेय सहित पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है।

बिलासपुर सराफा एसोसिएशन सहित जिले की सभी सहायक इकाइयाँ (तखतपुर, सीपत, मरवाही, रतनपुर आदि) इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
सोनी ने कहा हमारे दो वर्ष उपलब्धियों से भरे रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य 251 इकाइयों का गठन, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना और बीएनएस की धारा 317 का सरलीकरण कराना है। हमें पूरा विश्वास है कि तीसरा वर्ष एक नई मिसाल कायम करेगा।

