बिलासपुर विधायक व छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के जन्मदिवस के अवसर पर 22 सितंबर दिन मंगलवार को यश पैलेस में भव्य ‘खिलाड़ी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया।

स्वर्गीय लखीराम स्मृति क्रिकेट आयोजन समिति और जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के 25 खेलों के लगभग 500 प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं नगर विधायक अमर अग्रवाल मौजूद रहे। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, दिव्यांग तैराकी, मार्शल आर्ट, तीरंदाजी, बास्केटबॉल और ताइक्वांडो सहित कई अन्य खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ी शामिल थे।

हार भी खिलाड़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है: अमर अग्रवाल
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, यह जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और संघर्ष की भावना विकसित करता है।

महाभारत में अर्जुन के लक्ष्य का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर अभ्यास और एकाग्रता बेहद जरूरी है। खेल के मैदान में मिली हार भी खिलाड़ी को अपनी कमियां सुधारकर आगे बढ़ने का हौसला देती है।

खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं: अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। बिलासपुर के खिलाड़ियों ने हमेशा राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है।

“गरमामयी रही दिग्गजों की मौजूदगी”

इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, आयोजन समिति के प्रवीण दुबे, राजेंद्र भंडारी, सुशांत राय, पंकज तिवारी तथा जिला ओलंपिक संघ के रामपुरी गोस्वामी, मनीष श्रीवास्तव, नवीन जाजोदिया, अजय सिंह, डॉ बसंत अंचल सहित बड़ी संख्या में कोच, खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने प्रतिबद्धता जताई कि बिलासपुर के खिलाड़ियों को उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव मंच और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाता रहेगा।

