बिलासपुर। न्यायधानी के साइंस कॉलेज मैदान में व्यापार और उद्योग का सबसे बड़ा मंच सज चुका है। 25 वर्षों की शानदार परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ‘बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026’ न केवल स्थानीय व्यापार को नई उड़ान दे रहा है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम बनकर उभरा है।

“25 वर्षों का गौरव और आधुनिकता का संगम”
बीएनआई द्वारा आयोजित इस मेले का यह तीसरा साल है, जो 29 जनवरी से 3 फरवरी तक चलेगा। खास बात यह है कि मेले में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, जिसके चलते बिलासपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां घरेलू सामानों से लेकर ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, हेल्थकेयर और भारी मशीनरी जैसे जेसीबी तक के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

“विधायकों ने की सराहना: आत्मनिर्भरता का नया मॉडल”
मेले के दूसरे दिन तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव मुख्य रूप से उपस्थित रहे, विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि यह मेला स्थानीय प्रतिभा और रोजगार को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने रायपुर की तर्ज पर बिलासपुर की तेजी से प्रगति के लिए व्यापारियों और नेताओं के समन्वय पर जोर दिया।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने पूर्व के प्रयासों को याद करते हुए कहा कि 25 वर्ष पहले हरीश केडिया द्वारा शुरू की गई यह परंपरा आज डॉ. किरण पाल सिंह चावला और बीएनआई परिवार के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रही है।

“महात्मा गांधी को नमन और सामाजिक संदेश”
गांधी पुण्यतिथि के अवसर पर “गांधी मजबूरी नहीं, मजबूती का नाम है” विषय पर विशेष चर्चा का आयोजन किया गया। अजय श्रीवास्तव और डॉ. किरण पाल सिंह चावला जैसे वक्ताओं ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के महत्व को समझाया। दिन की शुरुआत ‘सद्भावना मैराथन’ से हुई, जिसमें नागरिकों ने एकता और स्वास्थ्य का संदेश दिया।
“व्यापारियों का सम्मान: छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न”
मेले के दौरान प्रदेश के 33 जिलों से आए 50 उत्कृष्ट व्यापारियों को “छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न” सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही मेले में लगे 100 से अधिक फूड स्टॉल पर लोग छत्तीसगढ़ी और अन्य लजीज व्यंजनों का स्वाद ले रहे हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, भागचंद बजाज, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, तथा छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी, निकेश बरडिया, चेतन तारवानी, चरण सिंह साहनी, राजेश वासवानी, राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा सहिंत व्यापार जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रही!

