बिलासपुर- बिलासपुर जिले में संचालित सभी प्रकार के ऑटो चालकों और ऑटो वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज से शुरू कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी पहल का विधिवत शुभारंभ आज शाम 3:00 बजे चेतना भवन, पुलिस लाइन बिलासपुर में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) रजनेश सिंह तथा पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा।
“बिना रजिस्ट्रेशन नहीं चलेंगी गाड़ियां”
पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा ऑटो चालकों और वाहन मालिकों के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि नियत समयावधि के भीतर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन अवधि समाप्त होने के बाद जिले में बिना क्यूआर कोड और बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित होने वाले ऑटो वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बिना वैध रजिस्ट्रेशन किसी भी ऑटो का संचालन करने की अनुमति नहीं होगी।
डिजिटल प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने जिले के ऑटो चालकों और वाहन मालिकों से तत्काल क्यूआर कोड स्कैन कर अपना विवरण प्रविष्ट करने की अपील की है।
चूंकि कई ऑटो चालक डिजिटल सिस्टम और स्मार्ट मोबाइल के इस्तेमाल में पूरी तरह अभ्यस्त नहीं हैं, इसलिए पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों, युवाओं, तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं, एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS) और स्काउट गाइड के वालंटियर्स से भी विशेष आग्रह किया है। अपील की गई है कि वे ऑटो चालकों का फॉर्म भरने और क्यूआर कोड रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरा कराने में आगे बढ़कर सहयोग करें, ताकि जिले के सभी ऑटो का त्वरित एवं पारदर्शी पंजीयन सुनिश्चित किया जा सके।

