छत्तीसगढ़ में सराफा कारोबार केवल आभूषणों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। हाल ही में बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सराफा व्यवसाय, अपनी शुरुआती शिक्षा, पीएससी की तैयारी और बाजार की व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में बातचीत करते हुए कमल सोनी ने बताया कि प्रदेश में करीब 15 हजार पंजीकृत सराफा कारोबारी हैं। प्रत्येक दुकान से छिलाई, पॉलिश, कटिंग और कारीगरी जैसे कामों के जरिए औसतन दो परिवार सीधे तौर पर जुड़े हैं। इस तरह करीब 45 हजार परिवार सीधे दुकानों से जुड़े हैं और होलसेल, रिटेल तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को शामिल कर लें तो प्रदेश के दो लाख से अधिक परिवारों की रोजी-रोटी सराफा कारोबार पर निर्भर है।

राजनीति में आने की संभावनाओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति सेवा का एक माध्यम है और फिलहाल वे सराफा समाज एवं व्यापारियों के बीच रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विधानसभा या महापौर का चुनाव लड़ना अलग विषय है, जो प्रभु की कृपा से मिलने वाला अवसर है।

अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने साझा किया कि 21 वर्ष की उम्र में उन्होंने पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन मुख्य परीक्षा देने की इच्छा नहीं हुई। व्यापारी परिवार से होने के कारण उन्हें चिंता थी कि तैयारी में दो-तीन साल लगाने के बाद यदि सफलता नहीं मिली, तो फिर से शून्य से शुरुआत करनी पड़ेगी। उनका मानना है कि सफलता केवल किसी पद या नौकरी से तय नहीं होती, बल्कि जिस क्षेत्र में काम करते हुए संतुष्टि मिले और समाज के लिए योगदान हो, वही असली सफलता है।
शहर की स्वच्छता और बाजार व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि लोग घरों को सुंदर बनाने पर लाखों खर्च करते हैं, लेकिन बाहर गंदगी पर ध्यान नहीं देते। सदर बाजार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दुकानदार चाहते हैं कि ग्राहक चारपहिया वाहन से आएं, लेकिन खुद अपनी एक्टिवा सड़क पर खड़ी कर देते हैं। एसोसिएशन ने पहल कर ट्रांसफार्मर के आसपास की गंदगी साफ कराई और पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहर और बाजारों को सुंदर व सुव्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक और व्यापारी की भी है।

