बिलासपुर। बेलतरा क्षेत्र में संचालित कोल वॉशरी से उत्पन्न प्रदूषण, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका और जनसुरक्षा के गंभीर मुद्दों को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच ने मोर्चा खोल दिया है। मंच के संस्थापक अमित तिवारी के नेतृत्व में बिलासपुर कलेक्टर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर 13 बिंदुओं पर उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

500 मीटर के दायरे में स्कूल और आबादी, सेहत पर संकट
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि कोल वॉशरी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्कूल, शैक्षणिक संस्थान और घनी रिहायशी आबादी स्थित है। वॉशरी से उड़ने वाली कोयले की धूल, लगातार होने वाले ध्वनि प्रदूषण और भारी वाहनों के बेतरतीब आवागमन के कारण स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों के स्वास्थ्य व जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। मंच ने यह भी उजागर किया कि पूर्व के निरीक्षणों में कई पर्यावरणीय शर्तों को “आंशिक रूप से पूर्ण” (Partially Complied) पाया गया था, जिनकी पुनः सख्त जांच आवश्यक है।

नागरिक सुरक्षा मंच की 13 प्रमुख मांगें हैं जो इस प्रकार है-
पर्यावरण व वैधानिक जांच- वॉशरी की वैधानिक स्वीकृतियों, पर्यावरण अनुमतियों और आंशिक रूप से पूर्ण (Partially Complied) शर्तों की प्रमाणित अनुपालन रिपोर्ट (Compliance Report) की जांच हो।

स्थल मापन और वैज्ञानिक परीक्षण: स्कूल और रिहायशी इलाके से वॉशरी की वास्तविक दूरी का स्थल मापन किया जाए। साथ ही, वायु गुणवत्ता (PM10 और PM2.5), ध्वनि प्रदूषण और भूजल की स्वतंत्र लैब से जांच कराई जाए।
सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण: राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (NH-130) पर वॉशरी के प्रवेश व निकास द्वार (Entry/Exit Gate) की वैधता और रोड सेफ्टी की जांच हो। भारी वाहनों की ओवरलोडिंग व तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई की जाए।
दुर्घटनाओं की जांच और सुरक्षा उपाय- क्षेत्र में पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो, सड़कों पर स्पीड लिमिट व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल प्रतिबंध लगे।
“एक महीने का अल्टीमेटम, तालाबंदी की दी चेतावनी ”
ज्ञापन के दौरान नागरिक सुरक्षा मंच के सदस्यों ने “गाँव बचाओ – बच्चों को बचाओ – सड़क सुरक्षा बचाओ” और “जनसुरक्षा से खिलवाड़ बंद करो” के नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। मंच ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह की समय-सीमा के भीतर समयबद्ध संयुक्त निरीक्षण और स्वतंत्र वैज्ञानिक जांच कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने और कोल वॉशरी में तालाबंदी करने के लिए बाध्य होंगे।

