बिलासपुर- चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार की शाम बिलासपुर के तोरवा छठ घाट पर आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा। अरपा नदी के तट पर दीपों की जगमगाहट, ढलते सूर्य की लालिमा और हजारों श्रद्धालुओं के कंठों से गूंजते छठी मैया के जयकारों ने पूरे शहर को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। इस बार मौसम पूरी तरह साफ रहने से व्रतियों को सूर्य दर्शन में कोई परेशानी नहीं हुई और उन्होंने सहजता से संध्या अर्घ्य अर्पित किया।

“26 साल पुराना सामूहिक सफर और सामाजिक एकजुटता”
पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से यह आयोजन पिछले 26 वर्षों से निरंतर आगे बढ़ रहा है। शुरुआत में इस पर्व से मुख्य रूप से उत्तर भारत के परिवार जुड़ते थे, लेकिन समय के साथ अब यह शहर की साझा सांस्कृतिक पहचान और आपसी एकजुटता का एक विशाल प्रतीक बन चुका है।
“एशिया का सबसे बड़ा स्थायी छठ घाट”
तोरवा स्थित अरपा नदी का यह स्थायी छठ घाट अपनी विशालता के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। इसे एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट के रूप में जाना जाता है, जहाँ एक साथ हजारों व्रती और श्रद्धालु सुगमता के साथ भगवान भास्कर की आराधना कर पाते हैं।
“लोकसंस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम”
घाट पर बांस से बने सूप, दउरा, मौसमी फल, गन्ना और शुद्ध घी-गुड़ से तैयार पारंपरिक ‘ठेकुआ’ प्रसाद ने लोकसंस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश की। समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा, संरक्षक एसपी सिंह, बीएन झा, बृजेश सिंह, अशोक झा,गणेश गिरी,विजय ओझा, एसके सिंह,अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास,विनोद सिंह,राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, रौशन सिंह, धनंजय झा, लव ओझा, दिलीप चौधरी, कुमुद सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव गिरी, सतीश सिंह, प्रशांत सिंह, शशि मिश्रा, सतीश सिंह, मुकेश झा,अमरकांत तिवारी, शौलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर,निर्भय चौधरी, रामसखा चौधरी, आशीष चौधरी, रुपेश कुशवाहा,प्रकाश देबनाथ,आनंद झा,राहुल सिंह, आकाश झा सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य जुटे रहें!
अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण होगा और चार दिवसीय इस महापर्व का समापन किया जाएगा।

