बिलासपुर – शहंशाह-ए-छत्तीसगढ़ हजरत सैय्यद इंसान अली बाबा का 5 दिवसीय सालाना उर्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। बिलासपुर के प्रसिद्ध दरगाह लूथरा शरीफ में आयोजित होने वाले इस उर्स में इस बार 5 से 6 लाख से अधिक जायरीनों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

मौसम को ध्यान में रखते हुए इस बार दरगाह परिसर और कव्वाली मैदान में विशेष रूप से वाटरप्रूफ पंडाल लगाए गए हैं, ताकि बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
“प्रशासनिक सहयोग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम”
लूथरा शरीफ कमेटी के अध्यक्ष हाजी इकबाल हक ने बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस का पूरा सहयोग मिल रहा है। सुरक्षा को देखते हुए दरगाह क्षेत्र में दो पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए हैं और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा, व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए 50 से 60 वालंटियर और 200 से 300 लोगों की टीम भोजन व सेवा कार्यों में तैनात रहेगी।

“रायपुर एयरपोर्ट से आवागमन की व्यवस्था”
बाहर से आने वाले अतिथियों और जायरीनों की सुविधा के लिए कमेटी ने खास कदम उठाया है। बिलासपुर एयरपोर्ट की उड़ानों में अनिश्चितता को देखते हुए, रायपुर एयरपोर्ट से आने वाले मेहमानों के लिए परिवहन (ट्रांसपोर्ट) की व्यवस्था कमेटी द्वारा की जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय कव्वाल और देश के दिग्गज शायर जमाएंगे रंग
उर्स के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ मुशायरा और कव्वाली की शानदार रातें होंगी।
धार्मिक हस्तियां: कछौछा शरीफ से रशीद लखीमी हुजूर और उर्स दादानशीन सहित कई प्रमुख हस्तियां शिरकत करेंगी।
कव्वाली: अंतरराष्ट्रीय कव्वाल अलीश रईस शबरी और मुस्तफा नास अपनी प्रस्तुति देंगे।
मुशायरा (28 सितंबर): देशभर के नामचीन शायर शामिल होंगे, जिनमें बिलासपुर के शब्बीर नूरी और इलियास सरफी भी अपनी शायरी का जादू बिखेरेंगे।
“विवाद और ऑडिट पर अध्यक्ष का स्पष्टीकरण”
कमेटी के आंतरिक विवादों और इस्तीफों के सवालों पर अध्यक्ष हाजी इकबाल हक ने कहा कि वर्तमान में कमेटी में कोई विवाद नहीं है। वक्फ बोर्ड द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी के अनुसार ही काम किया जा रहा है। वहीं वित्तीय आरोपों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि हर साल खातों का ऑडिट कराया जाता है और सभी वाउचर व रिपोर्ट बोर्ड में जमा की जाती हैं।
कमेटी ने मीडिया के माध्यम से श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय पर दी गई जानकारियों का लाभ उठाएं और शांतिपूर्वक उर्स में शामिल हों।

