छत्तीसगढ़ के पावन तीर्थ स्थल जो बाबा गुरु घाँसीदास जी का जन्म स्थलीय है, मड़वा गिरौदपुरी धाम स्थित सतनाम धर्मशाला में आज यानी 10 और 11 अक्टूबर 2026 को प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज द्वारा दो दिवसीय आवासीय शिक्षा संगोष्ठी एवं सामाजिक प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य आयोजन होने जा रहा है।

इस निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ आज सुबह 11 बजे जांजगीर लोकसभा क्षेत्र की सांसद माननीया कमलेश जांगड़े जी के मुख्य आतिथ्य और समाज प्रमुखों की गरिमामय उपस्थिति में होगा। इस आयोजन में प्रदेशभर से सामाजिक बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, साहित्यकार, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी तथा महिला और युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शिरकत कर रहे हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन शिक्षा के क्षेत्र में समाज का योगदान, स्कूल-कॉलेज संचालन की पहल, जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहयोग, उच्च शिक्षा हेतु कोचिंग की व्यवस्था और ‘सतनाम संदेश’ पत्रिका को जन-जन तक पहुंचाने जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी।
वहीं दूसरे दिन, ग्राम इकाई से लेकर प्रदेश इकाई तक संगठन विस्तार, अधिक से अधिक शिक्षित लोगों को जोड़ने, 1 लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य पर प्रशिक्षण, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों के प्रशिक्षण और विभिन्न संगठनों में समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर रूपरेखा तैयार की जाएगी।
आयोजन समिति के पदाधिकारियो- एल. एल. कोशले (प्रदेश अध्यक्ष), मोहन बंजारे (प्रदेश महासचिव),
दिनेश बंजारे (प्रदेश महा सचिव), प्रदीप श्रृंगी (युवा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष) , अंजलि बरमाल (महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष), के जांगड़े (विधि प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष), डी. एल. डहरिया (प्रशिक्षण कार्य शाला संयोजक), सहदेव जोशी जिला मीडिया प्रभारी सहित सभी सदस्यों ने समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस ऐतिहासिक कार्यशाला में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

