बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। शासकीय आयुर्वेद औषधालय सिंघरी (बिल्हा) में पदस्थ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमुदिनी पटेल को राष्ट्रीय स्तर के ‘वैद्य अनघा गोगटे युवा वैद्य पुरस्कार 2026’ से नवाजा गया है। वैद्य गोगटे मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से पुणे में आयोजित ‘मानस रोग 3.0’ राष्ट्रीय सेमिनार में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में डॉ. पटेल को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र, पुष्पगुच्छ और 20 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।
“देश की एकमात्र महिला चिकित्सक के रूप में चयन”
डॉ. कुमुदिनी पटेल का चयन आयुर्वेद के क्षेत्र में निरंतर सेवा, विद्धकर्म एवं अग्निकर्म पद्धति के माध्यम से दर्द प्रबंधन (Pain Management), ग्रामीण इलाकों में निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के आयोजन और शोध व विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर हुआ है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए देशभर से चयनित होने वाली वे एकमात्र महिला आयुर्वेद चिकित्सक हैं।
“भगवान धन्वंतरि और गुरुजनों को समर्पित की उपलब्धि”
इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ. पटेल ने सम्मान को भगवान धन्वंतरि और अपने गुरुजनों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेद चिकित्सा सेवा पहुंचाने के मेरे संकल्प को और अधिक ऊर्जा देगा।”
डॉ. कुमुदिनी पटेल की इस उपलब्धि पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. वाई.एस. ध्रुव, विभागीय अधिकारियों, साथी चिकित्सकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

