बिलासपुर तिफरा स्थित श्रीराम पार्क कॉलोनी में पिछले तीन-चार दिनों से गहराया बिजली संकट अब जनाक्रोश में बदलने लगा है। मुख्य ट्रांसफार्मर खराब होने और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान कॉलोनीवासियों ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता (D.E.) को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

“पेयजल, पढ़ाई और स्वास्थ्य सेवाएँ ठप”
ज्ञापन के जरिए निवासियों ने अपना दुखड़ा बताते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर फेल होने से पूरी कॉलोनी में अंधेरा छाया हुआ है। इस वजह से न तो घरों में पेयजल की आपूर्ति हो पा रही है और न ही बच्चों की पढ़ाई हो पा रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बुजुर्गों का स्वास्थ्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय कर्मचारी केवल टालमटोल कर रहे हैं और व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं।
“जल्द सुधार नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरेंगे निवासी”
वार्ड पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि विभाग की लचर व्यवस्था से जनता में भारी गुस्सा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “यदि विभाग ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर आपूर्ति बहाल नहीं की और अघोषित कटौती पर रोक नहीं लगाई, तो कॉलोनीवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। इससे होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।”
“ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे प्रमुख जन”
इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, शहर कांग्रेस महामंत्री महेश ठाकुर, अमित सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, बी. एल. सोनी, प्रेमनारायण सिंह, एस. एस. चंदेल, एडवोकेट वैभव शुक्ला, शिव श्रीवास, शरद यादव, शशांक गौरव समेत श्रीराम पार्क कॉलोनी के बड़ी संख्या में प्रमुख नागरिक और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

