बिलासपुर- 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर न्यायधानी बिलासपुर के तिफरा ब्लॉक मुख्यालय में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। तिफरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और मंडल कांग्रेस कमेटी तिफरा-परसदा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय अवसर पर तिफरा ब्लॉक मुख्यालय में कांग्रेस पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने तिरंगे के नीचे आकर आजादी का पर्व मनाया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू और मंडल कांग्रेस अध्यक्ष संत सर्वे ने विधिवत ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई और देश के अमर शहीदों को नमन किया गया।

समारोह के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज का प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश पढ़कर सुनाया। इस संदेश के जरिए उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक मूल्यों को अक्षुण्ण रखने और आपसी भाईचारे के साथ प्रदेश की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया।
इस गरिमामय आयोजन में जिला उपाध्यक्ष राकेश यादव, जिला महामंत्री शिव यादव, शहर महामंत्री महेश ठाकुर, स्थानीय पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू, वार्ड अध्यक्ष रमाकांत साहू, गौरव सिंह, गोविन्द मानिकपुरी सहित मोर्चा संगठनों के कई प्रतिनिधि और तिफरा क्षेत्र के सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
तिफरा में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल स्वाधीनता दिवस के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि सभी को एकजुट होकर देश और प्रदेश की प्रगति में भागीदारी का संदेश भी दिया।

