बिलासपुर- बिलासपुर से अयोध्या आस्था की एक बड़ी लहर उठने को तैयार है रामनवमी के पावन अवसर पर 1008 रामभक्तों की निःशुल्क अयोध्या यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है। इसी सिलसिले में यात्रा के संयोजक प्रवीण झा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को विशेष निमंत्रण सौंपा है।

नगर विधायक अमर अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर स्थित सीएम आवास पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को इस भव्य यात्रा की जानकारी दी। मुख्यमंत्री साय ने न केवल इस पहल की सराहना की, बल्कि बिलासपुर आकर रामभक्तों को आशीर्वाद देने का भरोसा भी दिलाया। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्री राम से गहरा नाता है और ऐसी यात्राएं संस्कृति को और मजबूत करती हैं।
बता दें कि इस यात्रा को लेकर बिलासपुर में जबरदस्त उत्साह है। कुछ दिन पहले सिविल लाइन पुलिस मैदान में हुए पंजीयन में महज कुछ ही घंटों में 1008 सीटें फुल हो गई थीं। अब 25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस मैदान से यह जत्था जय श्रीराम के उद्घोष के साथ रवाना होगा।

