बिलासपुर- 25 वर्षों की ऐतिहासिक परंपरा एक बार फिर नए स्वरूप में शहर के सामने है साइंस कॉलेज मैदान में ‘बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026’ का भव्य शुभारंभ हो चुका है। बीएनआई द्वारा आयोजित यह तीसरा साल है, जो न केवल व्यापार बल्कि सेवा और नवाचार का एक अनूठा संगम बन गया है।

मेले का औपचारिक उद्घाटन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी और शहर के प्रतिष्ठित गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में हुआ। 29 जनवरी से शुरू हुआ यह मेला 3 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। खास बात यह है कि मेले में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. किरणपाल सिंह चावला और संयोजक गणेश अग्रवाल के नेतृत्व में इस बार मेले का स्वरूप काफी व्यापक है। यहाँ व्यापार के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों पर भी जोर दिया गया है। मेले में देहदान, नेत्रदान और रक्तदान के लिए विशेष पंजीयन व्यवस्था की गई है।

“मुख्य आकर्षण और प्रतियोगिताएं”
इस बार मेले में केवल दुकानें नहीं, बल्कि हुनर की भी कद्र हो रही है। प्रतियोगिताओं की एक लंबी फेहरिस्त है:

बिलासपुर गॉट टैलेंट और मिस्टर एंड मिस बिलासपुर, स्टार्टअप आइडिएशन अवार्ड्स, इंटर स्कूल डांस और साइंस मॉडल कॉम्पिटिशन, बॉडी बिल्डिंग और हेल्दी बेबी शो।

सम्मान की कड़ी में उन परिवारों को याद किया गया जिन्होंने समाज के लिए देहदान और नेत्रदान किया। साथ ही, 50 वर्ष पूर्ण कर चुके 11 दंपत्तियों का सम्मान और ‘सावित्री बाई फुले नारी शक्ति पुरस्कार’ से महिलाओं को नवाजा गया।

“रोजगार और सेवा”
युवाओं के लिए यहाँ ‘रोजगार मेला’ लगाया गया है, जहाँ नाइस टेक के माध्यम से कई कंपनियां प्लेसमेंट दे रही हैं। वहीं, रोटरी क्लब यूनाइटेड द्वारा हर दिन फ्री CPR ट्रेनिंग दी जा रही है, जो जीवन बचाने का एक महत्वपूर्ण कौशल है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है, तो वहीं महापौर पूजा विधानी ने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ का बेहतरीन मंच कहा। तो आप भी देर मत कीजिए, अपने परिवार के साथ पहुँचिये साइंस कॉलेज मैदान और गवाह बनिए बिलासपुर की इस बदलती आर्थिक और सामाजिक पहचान का!

