बिलासपुर के लिए एक बेहद गर्व का क्षण सामने आया है। शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की होनहार छात्रा प्रशंसा पांडे का चयन महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। नई दिल्ली रवाना होने से पूर्व कॉलेज परिसर में प्रोफेसरों और सहपाठियों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
शासकीय बिलासा कन्या महाविद्यालय में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में प्राचार्य कमलेश सर, प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी मैडम, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा मैडम और डॉ. पूजा शर्मा मैडम सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने प्रशंसा को बधाई दी।
आपको बता दें कि प्रशंसा पांडे ‘नेशनल यूथ पार्लियामेंट’ की प्रदेश विजेता रही हैं और राज्य स्तर पर ‘विकसित भारत लीडर्स डायलॉग’ में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। वे बीते दो वर्षों से नेशनल यूथ पार्लियामेंट के जरिए विधानसभा स्तर पर युवाओं की सशक्त आवाज बनी हुई हैं।
युवा नेतृत्व के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के कारण उन्हें युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘Youth Icon’ की उपाधि से भी नवाजा जा चुका है। Youth Icon के रूप में वे ‘नशामुक्त भारत अभियान’, प्रधानमंत्री जी के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और ‘युवा संवाद’ जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी कर चुकी हैं।
बिलासपुर की बेटी का देश की सबसे बड़ी पंचायत—संसद भवन—में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रशंसा की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बनेगी।

