बिलासपुर शहर के हृदय स्थल पर स्थित बिलासपुर प्रेस क्लब के सुसज्जित और आधुनिक भवन का भव्य लोकार्पण रविवार को संपन्न हुआ,
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विधिवत फीता काटकर इस नए भवन को पत्रकारों को समर्पित किया।

नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा 30 लाख 41 हज़ार रुपये की लागत से प्रेस क्लब के पुराने भवन का कायाकल्प किया गया है। अब यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिससे पत्रकारों को अपने काम में काफी सुगमता होगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा “बेहतर संसाधनों और सुविधाओं के साथ पत्रकार अब और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे। शहर के विकास और जनसमस्याओं को उठाने में आपकी भूमिका हमेशा से महत्वपूर्ण रही है।”

“प्रेरणादायक संबोधन”
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अपनी पसंदीदा पंक्तियां “कोशिश कर, हल निकलेगा, आज नहीं तो कल निकलेगा” सुनाकर उपस्थित पत्रकारों में नई ऊर्जा भर दी। साथ ही, उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि समय की मांग के अनुसार प्रेस क्लब की हर आवश्यकता को सरकार प्राथमिकता से पूरा करेगी।

“बेलतरा विधानसभा विधायक सुशांत शुक्ला का संबोधन”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक सुशांत शुक्ला ने भी पत्रकारों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दों से ही शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सही दिशा मिलती है। सामाजिक असमानताओं को दूर करने में प्रेस क्लब एक मजबूत सेतु का काम कर रहा है।

“आशा ताई को श्रद्धांजलि”
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण तब आया जब उप मुख्यमंत्री ने सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगीत योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव संदीप करिहार ने किया। इस गरिमामय समारोह में उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह , सह सचिव हरिकिशन गंगवानी सहित पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार, युवा पत्रकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


