बिलासपुर- सेवा से संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर के दयालबंद स्थित मल्टीपरपज आत्मानंद स्कूल में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला और ओजस्वी भाषणों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना, राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, युवा शक्ति और सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और रचनात्मक कला प्रस्तुत की।
“2047 का विकसित भारत बच्चों के हाथों में”
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “सेवा से संकल्प अभियान” वर्ष 2047 तक देश की आजादी के 100वें वर्ष में भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक संकल्प है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम है।

उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुए परमाणु परीक्षणों से लेकर आज ज्ञान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है। ‘मेक इन इंडिया’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘पीएम गति शक्ति’ जैसी पहलों से देश आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहा है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा सिर्फ नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है।
“उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र हुए सम्मानित”
अमर अग्रवाल ने प्रतियोगिता के विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि 2047 के भारत की तस्वीर इन्हीं बच्चों के हाथों साकार होगी। साथ ही, उन्होंने इस सफल और ज्ञानवर्धक आयोजन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सराहना की।

“कार्यक्रम में गणमान्य जन रहे मौजूद”
इस अवसर पर पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

