बिलासपुर (22 अगस्त 2026) नगर विधायक अमर अग्रवाल ने शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर विद्यार्थियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने दयालबंद स्थित स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस) में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित किया।

”बेटी बचाओ आंदोलन से समाज की सोच में आया बदलाव”
सेजेस महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बालिकाओं को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों से मिली प्रेरणा ही जीवन में सफलता का मूल मंत्र है। मार्गदर्शन में सीखने वाले बच्चे किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष नीतियां बनाई हैं। ‘बेटी बचाओ’ आंदोलन के कारण समाज की सोच बदली है और आज बालिकाएं हर क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय की छात्र कैबिनेट को शपथ दिलाई और परिसर के रखरखाव में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों व विद्यार्थियों ने नशामुक्ति का संकल्प भी लिया।

“इंस्पायर अवार्ड मानक में चयनित बिल्हा की दो छात्राएं सम्मानित”
कार्यक्रम के दौरान इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के तहत राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित बिल्हा विकासखंड की दो छात्राओं—कुमारी रेणुका धनुआर एवं कुमारी तृषा कमलेश को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया। विकासखंड शिक्षा विभाग की ओर से दोनों बालिकाओं को 5-5 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि और मोमेंटो प्रदान किया गया।
वॉल माउंट स्पिट डिटेक्शन एंड अलार्म सिस्टम: देवरी खुर्द की छात्रा कुमारी रेणुका धनुआर द्वारा तैयार यह मॉडल सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर अलार्म के माध्यम से सचेत करेगा, जो स्वच्छता अभियान में काफी मददगार साबित होगा।

बिजौर की छात्रा कुमारी तृषा कमलेश द्वारा निर्मित इस सेंसर आधारित बैग में बारिश का संकेत मिलते ही छाता स्वतः खुल जाता है, जिससे पाठ्य सामग्री सुरक्षित रहती है।
दोनों छात्राएं 4 सितंबर को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मेंटरशिप प्रशिक्षण में अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगी। उल्लेखनीय है कि सत्र 2024-25 में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर के लिए कुल 20 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें बिल्हा की ये दो छात्राएं भी शामिल हैं।
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इस योजना के तहत सत्र 2026-27 के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर है।

”सरस्वती साइकिल वितरण योजना से drop-out दर में आई कमी”
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को साइकिल का वितरण करते हुए विधायक अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने की सुविधा देने के लिए वर्ष 2004 में सरस्वती साइकिल वितरण योजना शुरू की थी। इस योजना से स्कूलों में बालिकाओं की उपस्थिति बढ़ी है और ड्रॉपआउट दर में भारी कमी दर्ज की गई है।

उन्होंने नई शिक्षा नीति (NEP) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें लैंगिक असमानता को समाप्त करने और बालक-बालिका दोनों को विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया है। कार्यक्रम में प्रवीण झा, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, पार्षद बंधु मौर्य, रंगा नादम, एल्डरमैन योगेश बोले, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षकगण और शाला विकास समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

