बिलासपुर- रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कोटा ब्लॉक के औरापानी आंगनबाड़ी केंद्र में एक विशाल स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में मच्छर और जल जनित बीमारियों की रोकथाम करना था। शिविर के दौरान जरूरतमंद परिवारों को 1500 मच्छरदानियां और 500 क्लोरीन की बोतलें बांटी गईं। इसके साथ ही ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचने के उपाय बताए गए।

“निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर”
कार्यक्रम में एक डायग्नोस्टिक कैंप भी लगाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां और उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।
“प्रशासनिक अधिकारियों ने की सराहना”
इस आयोजन में कोटा के एसडीएम प्रवेश पैकरा और बिलासपुर की सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने रोटरी क्लब के इस मानवीय प्रयास की जमकर तारीफ की। कार्यक्रम को सफल बनाने में तहसीलदार राहुल साहू, बीपीएम श्वेता और मलेरिया नोडल अधिकारी वैष्णव का भी विशेष सहयोग रहा।

रोटरी ई-क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि बीमारियों के इलाज से ज्यादा जरूरी उनकी रोकथाम और जागरूकता है। उन्होंने प्रतिबद्धता जताई कि क्लब भविष्य में भी समाज के वंचित वर्गों के लिए ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगा।
इस अवसर पर क्लब के सचिव रौनक साव गुप्ता, कोषाध्यक्ष विमलेश अग्रवाल, डॉ. सुनील केडिया, डॉ. मनोज राय, पीयूष गुप्ता, चरनजीत गंभीर, डॉ. सिद्धार्थ वर्मा, शैलेश अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल और नितेश अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

