बिलासपुर- न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। वार्ड क्रमांक 46 स्थित नयापारा गणेश नगर में मामूली विवाद और गाली-गलौज के बाद दो सगे भाइयों ने मिलकर एक 26 वर्षीय युवक की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। मंगलवार सुबह गली में खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
“सुबह गली में मिला खून से लथपथ शव”
मृतक की पहचान इरफान खान उर्फ बघीरा (26 वर्ष), पिता शेख खलील खान के रूप में हुई है, जो नयापारा गणेश नगर का ही निवासी था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह जब वे अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली के बीचों-बीच इरफान का शव पड़ा देखा। शव के आसपास चारों तरफ खून फैला हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत सिरगिट्टी थाना पुलिस को दी।

“नशे के दौरान हुआ था विवाद, सीमेंट के पोल से किया हमला”
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह वारदात देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक इरफान का परिचय क्षेत्र के ही दो सगे भाइयों से था। घटना से पहले तीनों एक साथ बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों भाइयों ने पास ही पड़े सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थरों से इरफान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
{“remix_data”:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी नईम खान को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, वारदात में शामिल उसके सगे भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सनसनीखेज हत्या की खबर मिलते ही एएसपी सिटी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेष सिंह परिहार और सिरगिट्टी थाना स्टाफ बल बलसहित मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों और दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि हत्या की वजह सिर्फ तत्काल हुआ विवाद था या इसके पीछे कोई पुरानी दुश्मनी थी।
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

