बिलासपुर- शहर के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक, ‘BNI बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026’ की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है। भूमि पूजन के साथ ही मेले की तैयारियों जोरों शोरों से हैं।

तैयारियों का शुभारंभ बेहद आध्यात्मिक और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ। सबसे पहले दयालबंद गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी भाई मान सिंह द्वारा अरदास की गई। इसके बाद ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के प्रशिक्षक प्रीतपाल सिंह ने गुरु पूजा संपन्न कराई। कार्यक्रम का समापन सभी सदस्यों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुआ, जो एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए BNI के सदस्य एकजुट रहें। कार्यक्रम में रायपुर से विशेष रूप से पहुंचे राहुल ट्रैवल्स के संचालक डॉ. साहिल यादव और नैसटेक के वरिष्ठ अधिकारी रवींद्र प्रताप सिंह ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं।
मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. किरणपाल सिंह चावला ने बताया कि यह मेला 29 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। यह केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि व्यापार, उद्योग, और स्टार्टअप्स के लिए एक सशक्त मंच होगा, जहाँ व्यापारिक चर्चाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

आपको बता दें कि BNI बिलासपुर का यह आयोजन अपने सामाजिक दायित्वों के लिए भी जाना जाता है। पिछले वर्ष मेले से हुई बचत से एक किडनी डायलिसिस मशीन निःशुल्क दान की गई थी। इस बार भी आयोजकों को उम्मीद है कि यह मेला व्यापार और सेवा की एक नई मिसाल पेश करेगा।
मेले के सफल संचालन के लिए संयोजक गणेश अग्रवाल, सहसंयोजक डॉ. सचिन यादव सहित निहारिका अभिषेक त्रिपाठी, डॉ. लक्ष्मी अनंत और 50 से अधिक सक्रिय सदस्यों की टीम दिन-रात जुटी हुई है। फॉर्च्यून एलिमेंट इस वर्ष के मुख्य प्रायोजक हैं, जबकि अद्वैत फार्म्स सह-प्रायोजक के रूप में साथ दे रहे हैं।
तो तैयार हो जाइए बिलासपुर के सबसे बड़े व्यापारिक उत्सव का साक्षी बनने के लिए। व्यापार और उद्योग से जुड़ी हर अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।

