बिलासपुर संभाग के नागरिकों के लिए एक बेहद जरूरी और काम की खबर है अगर आपको अपना नया आधार कार्ड बनवाना है या पुराने आधार कार्ड में कोई भी सुधार करवाना है, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है।

भारतीय डाक विभाग ने बिलासपुर संभाग के कई डाकघरों में आधार एनरोलमेंट और अपडेशन की सुविधाओं को और भी आसान बना दिया है।
जी हां, इंडिया पोस्ट यानी भारतीय डाक विभाग द्वारा बिलासपुर जिले के विभिन्न डाकघरों जैसे—बिलासपुर आरएस, बिल्हा, कोनी, एसईसीएल, रतनपुर, तखतपुर, लोरमी और करगीरोड में यह सेवा शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा और पेंड्रा रोड, मुंगेली जिले के मुंगेली, जांजगीर जिले के मुख्य डाकघर जांजगीर और मालखरौदा, साथ ही सक्ति जिले के सक्ति, डभरा और चंद्रपुर उपडाकघरों में भी यह सुविधा मिल रही है।

सामान्य उपडाकघर- सोमवार से शनिवार, सुबह 10:00 बजे से शाम तक प्रधान डाकघर बिलासपुर (मुख्य केंद्र) सुबह 08:00 बजे से रात 08:00 बजे तक (विशेष सुविधा)।
इस विशेष सुविधा के तहत आम नागरिक अपना नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं। इसके साथ ही पुराने आधार कार्ड में किसी भी प्रकार का सुधार या अपडेशन—जैसे कि पता (Address), मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नाम, बायोमेट्रिक अपडेट और ईमेल आईडी बदलवा सकते हैं।

डाक विभाग ने विशेष रूप से अपील की है कि बच्चों के लिए 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु होने पर “बायोमेट्रिक अपडेशन” कराना अति आवश्यक है। इसलिए माता-पिता अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट नजदीकी डाकघर में जाकर जरूर करवा लें।
बिलासपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर ने आम जनता से अपील की है कि वे डाकघरों के माध्यम से दी जा रही इस आधार अपडेशन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अगर आपके आधार कार्ड में भी कोई सुधार बाकी है, तो आज ही अपने नजदीकी डाकघर का रुख करें।

