बिलासपुर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिलेगा। जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति के तत्वावधान में (16 नवंबर) को एक विशाल शोभायात्रा और आमसभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11 बजे जरहाभाठा स्थित आदिवासी बालक छात्रावास से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में जनजातीय समाज के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक स्वरूप के साथ शामिल होकर समाज की समृद्ध विरासत और एकजुटता का संदेश देंगे।
शोभायात्रा के पश्चात, दोपहर 1 बजे लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में एक विशाल आमसभा का आयोजन किया गया है।
इस आमसभा की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे। वहीं, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इनके अलावा प्रदेश के कृषि एवं आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, पूर्व आईएएस शिशुपाल सिंह सोरी और नीलकंठ टेकाम समेत जिले के सभी प्रमुख विधायक और जनप्रतिनिधि भी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनेंगे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और उनके उस योगदान को याद करना है, जिसने आदिवासी समाज में स्वाभिमान और अधिकारों की चेतना जगाई थी। आयोजन समिति के संयोजकों ने बिलासपुर के सभी नागरिकों और जनजातीय समाज के वर्गों से इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

