बिलासपुर। अपने अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान की लड़ाई को लेकर ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी और छत्तीसगढ़ ड्राइवर महा संगठन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संगठन ने आगामी 12 नवंबर 2026 से देशभर में अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन’ शुरू करने की आधिकारिक घोषणा की है।

बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि देश और प्रदेश के ड्राइवर लंबे समय से अपनी वाजिब मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन लगातार उनकी अनदेखी कर रहा है। इसी उदासीनता के विरोध में अब देशभर के ड्राइवरों से गाड़ियां खड़ी कर आंदोलन को समर्थन देने का आह्वान किया गया है।

“ड्राइवर महासंगठन की 5 प्रमुख मांगें”
ड्राइवर आयोग एवं कल्याण बोर्ड का गठन- ड्राइवरों के अधिकारों की रक्षा और कल्याण के लिए स्वतंत्र आयोग और वेलफेयर बोर्ड बनाया जाए।
20 लाख का बीमा व पेंशन- प्रत्येक ड्राइवर को 20 लाख का दुर्घटना बीमा और 60 वर्ष की आयु के बाद सम्मानजनक पेंशन दी जाए।
दुर्घटनाओं पर सैनिक जैसा सम्मान सड़क दुर्घटना के मामलों में ड्राइवरों को अपराधी न मानकर निष्पक्ष न्याय और सैनिक के समान सम्मान दिया जाए।
राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस पर शासकीय अवकाश 1 सितंबर को ‘राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस’ घोषित कर शासकीय अवकाश प्रदान किया जाए।
मूलभूत सुविधाएं व सुरक्षा ड्राइवरों के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
संगठन ने ‘अबकी बार आर-पार, ड्राइवर एकता जिंदाबाद’ का नारा देते हुए सभी ड्राइवरों से 12 नवंबर से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
उनके द्वारा आंदोलन से जुड़ी जानकारी के लिए संपर्क नंबर भी जारी किया गया है:- 8085401673, 7225997263, 7222962010 (ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी एवं छत्तीसगढ़ ड्राइवर महा संगठन)

