बिलासपुर- न्यायधानी बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सोमवार की शाम बुधवारी बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जगत मेडिकल के सामने एक युवक की लाश मिली। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों और दुकानदारों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गजेंद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के उमरिया का रहने वाला था। गजेंद्र पिछले कुछ समय से बिलासपुर के देवरीडीह स्थित सतबहनिया मंदिर के पास रह रहा था और एक चाउमीन फैक्ट्री में काम करता था।

परिजन ने बताया कि गजेंद्र सोमवार सुबह से घर से निकला हुआ था। सूत्रों के मुताबिक मृतक दोपहर के वक्त उसने एक ई-रिक्शा चालक से उसे घर छोड़ने के लिए भी कहा,लेकिन उसकी हालत को देखते हुए ई-रिक्शा चालक ने उसे ले जाने से साफ मना कर दिया। इसके बाद गजेंद्र शाम तक वहीं बैठा रहा।
“शाम को शरीर में नहीं हुई कोई हलचल, तो दी गई पुलिस को सूचना”
शाम करीब 7:30 बजे जब काफी देर तक युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों को शक हुआ पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी सांसें थम चुकी थीं। तुरंत ही इसकी सूचना तोरवा थाना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरवा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
“परिजन भी पहुंचे मौके पर”
रात करीब 8:30 बजे मृतक के परिजन भी बुधवारी बाजार पहुंचे। बताया जा रहा है कि बुधवारी बाजार में ही मृतक के एक रिश्तेदार की कपड़े की दुकान है। परिजनों के मुताबिक, गजेंद्र सोमवार सुबह से ही घर से निकला हुआ था। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा, तो घर वालों ने उसकी तलाश भी की थी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला था। रात करीब 9:00 बजे पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
“मौत की वजह पर सस्पेंस”
क्या रही मौत की वजह? गजेंद्र की मौत कैसे हुई, इसे लेकर बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का मानना है कि अत्यधिक नशा करने की वजह से उसकी जान गई है, तो वहीं कुछ लोग दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने की आशंका जता रहे हैं। एक चर्चा यह भी है कि तेज धूप में नशे की हालत में उसका गला सूख गया होगा और समय पर पानी न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
फिलहाल, तोरवा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।

