बिलासपुर में आगामी स्थानीय चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। चुनाव में पेड न्यूज और विज्ञापनों पर पैनी नजर रखने के लिए ‘मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति यानी MCMC’ का गठन किया गया है।
और बड़ी खबर यह है कि बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा को इस समिति का सदस्य बनाया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में बनी इस हाई-प्रोफाइल कमेटी में जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक एसडी पटेल को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। चुनाव के दौरान अक्सर देखा जाता है कि राजनीतिक दल और प्रत्याशी वोटर्स को लुभाने के लिए नियमों को ताक पर रख देते हैं। इसी को रोकने के लिए यह समिति अब 24 घंटे एक्टिव मोड पर रहेगी।
आपको बता दें कि इस MCMC कमेटी के मुख्य काम क्या होंगे- प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर चलने वाले हर राजनीतिक विज्ञापन का प्री-सर्टिफिकेशन यानी प्रमाणीकरण करना, पेड न्यूज’ जैसे मामलों की कड़ाई से जांच करना, बिना अनुमति के चलाए जा रहे चुनावी विज्ञापनों पर सीधे एक्शन लेना और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट सौंपना।
निर्वाचन आयोग के सख्त निर्देशों के तहत अब बिलासपुर में कोई भी प्रत्याशी बिना अनुमति के भ्रामक प्रचार नहीं कर पाएगा। बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा के इस समिति में शामिल होने से मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल की उम्मीद जताई जा रही है।

