बिलासपुर- आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन में राजस्थान के बीकानेर से बिलासपुर आ रहे पदक विजेताओं का गाजे- बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया इस दौरान खिलाड़ियों को पुष्प गुच्छ और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया गया आपको बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय (एबीवीयू), बिलासपुर ने 1 से 5 दिसंबर तक बीकानेर, राजस्थान में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2024-25 में ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए कांस्य पदक (तीसरा स्थान) जीता है। यह पहली बार है जब विश्वविद्यालय ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कोई पदक प्राप्त किया है।

“प्रतियोगिता का सफर”
एबीवीयू बिलासपुर की टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता, बठिंडा, पंजाब में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेलो इंडिया गेम्स के लिए क्वालीफाई किया था। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 8 श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।

“पूल मैच”
एबीवीयू ने अपने पूल में भारतीय विद्यापीठ पुणे विश्वविद्यालय को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
इसके बाद, टीम ने भारतीयर विश्वविद्यालय, कूड़े कोनाई को पराजित कर दूसरे चक्र में जगह बनाई।
तीसरे चक्र में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से हारने के बावजूद, टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

“सेमीफाइनल और कांस्य पदक”
पहले सेमीफाइनल में, एबीवीयू का मुकाबला चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से हुआ। यह एक कड़ा और संघर्षपूर्ण मैच था, जिसमें बिलासपुर की टीम को बहुत कम अंकों के अंतर से पराजय का सामना करना पड़ा।

दूसरे सेमीफाइनल में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा ने जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबला चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के बीच हुआ, जिसमें चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीता। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को रजत पदक (सिल्वर मेडल) मिला।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर ने कांस्य पदक (तीसरा स्थान) जीतकर इतिहास रचा, जबकि गुरु काशी विश्वविद्यालय, बठिंडा चौथे स्थान पर रहा।
“खिलाड़ियों का भव्य स्वागत”
आज बिलासपुर स्टेशन पहुंचने पर पदक विजेता खिलाड़ियों का समस्त क्रीड़ा अधिकारियों, खेल प्रेमियों और विश्वविद्यालय परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक जीत के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
टीम प्रबंधन डॉ. बसंत अंचल ने मीडिया से बात- चित के दौरान कहा कि खेल और शिक्षा जगत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण में, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर की टीम ने इतिहास रच दिया है। अटल विश्वविद्यालय की टीम ने राजस्थान के बीकानेर में आयोजित हुए खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (पूर्वी क्षेत्र अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता) में पूरे इंडिया लेवल पर तीसरा स्थान (कांस्य पदक) हासिल किया है। यह पहली बार है जब विश्वविद्यालय की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है।
इस ऐतिहासिक जीत के लिए भारत सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को ₹50,000 की नकद राशि से सम्मानित किया है जो गर्व की बात है।
टीम के कोच और खिलाड़ियों ने इस सम्मान पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक प्रेरित करेगी।
यह जीत न केवल अटल विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के खेल परिदृश्य के लिए मील का पत्थर साबित हुई है।
“टीम का विवरण”
खिलाडियों के नाम: नूतन, रुखसार, सरोजिनी, रूपल, संध्या, अनु, वंदना, किरण, सिमरन, रोशनी।
टीम प्रबंधन: डॉ. बसंत अंचल
टीम प्रशिक्षक: दिल कुमार राठौर
खेल संचालक: डॉ. प्रमोद तिवारी
इस अवसर पर डॉ. अजय सिंह, मुकेश घोरे, डॉ. सुरेश पावर, डॉ. अजय यादव, हेमंत परिहार, मुकेश जांगड़े और अन्य खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की है।

