बिलासपुर- साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस बुधवार, 25 नवंबर को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन मुख्यालय के ऑडिटोरियम में मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों (सीएमडी) और पूर्व निदेशकों ने शामिल होकर कंपनी के सफर से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमडी हरीश दुहन मौजूद रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी–संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ उपस्थित थे।

‘200 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य और घर बैठे पोर्टल सुविधा’
समारोह के दौरान एक वक्ता ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कंपनी का पहला लक्ष्य देश की दूसरी कंपनी बनना है, जो 200 मिलियन टन का उत्पादन करेगी। संवेदनशील और संवादशील प्रबंधन के जरिए स्टेकहोल्डर्स और शेयरहोल्डर्स के हितों पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवा टीम ने एक नया पोर्टल लॉन्च किया है, जिससे लोग घर बैठे अपना पीपीओ (पेंशन पे ऑर्डर) डाउनलोड कर सकते हैं और उसी में जीवन प्रमाण पत्र अपलोड कर सकते हैं, ताकि कार्यालय आने की जरूरत न पड़े और डोरस्टेप तक लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसईसीएल आगे बढ़े और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ सभी को साथ लेकर ग्रो करे।

‘राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा हमारा सर्वोपरि दायित्व’
अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल की विकास यात्रा में पूर्व नेतृत्व और कोयला कर्मवीरों का योगदान बेहद अहम रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी का सर्वोपरि दायित्व है और सभी को पूरी निष्ठा व समर्पण से काम करते हुए देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने टीम एसईसीएल पर भरोसा जताते हुए सामूहिक प्रयासों से लक्ष्य हासिल करने और कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।
वहीं, दूसरे अधिकारी ने स्थापना दिवस को एसईसीएल परिवार के लिए उत्सव का दिन बताते हुए कहा कि कंपनी पिछले 42 वर्षों से राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है और ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति कर रही है। उन्होंने पुराने व वर्तमान कर्मचारियों तथा कर्मठ साथियों को नमन करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और पसीने से इंडस्ट्रियलाइजेशन और घरों तक बिजली पहुंच रही है—उदाहरण देते हुए कहा कि घर में पांच लाइट हों तो उनमें एक लाइट का योगदान एसईसीएल के खनिकों की मेहनत का असर है।
उन्होंने कहा कि 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के स्वप्न को पूरा करने में एसईसीएल अतिरिक्त प्रयास और कोयला उत्पादन से योगदान देना चाहता है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उपाय, जमीन देने वाले समुदायों के सम्मान व उचित समाधान, स्टेकहोल्डर्स के लिए विन-विन सिचुएशन और ऊर्जा सुरक्षा के प्रति पूर्ण समर्पण की बात कही।
पूर्व नेतृत्व की मौजूदगी और ‘ज्ञान साझा सत्र’
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सीएमडी एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी और प्रेम सागर मिश्रा शामिल हुए। इनके अलावा पूर्व निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) व एनसीएल के पूर्व सीएमडी पी.के. सिन्हा, पूर्व निदेशक (कार्मिक) के.के. श्रीवास्तव व राधेश्याम सिंह, पूर्व निदेशक (वित्त) ए.के. कोमावार, पूर्व निदेशक (कार्मिक) अनिल कुमार सिंह, पूर्व निदेशक (तकनीकी–संचालन) आर.पी. ठाकुर, पूर्व निदेशक (वित्त) श्याम मुरारी चौधरी, पूर्व निदेशक (तकनीकी–संचालन) मनोज प्रसाद और पूर्व निदेशक (वित्त) जी. श्रीनिवासन भी मौजूद रहे।

समारोह का मुख्य आकर्षण ‘ज्ञान साझा सत्र’ रहा। इसमें पूर्व सीएमडी और पूर्व निदेशकों ने अपने लंबे अनुभव, संस्थान की यादें और नेतृत्व की यात्रा साझा की। सत्र के दौरान कंपनी की प्रगति, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। खुले संवाद में अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व से मार्गदर्शन लेने का मौका मिला।
“श्रद्धासुमन, ध्वजारोहण और गुब्बारे”
मुख्य समारोह से पहले मुख्यालय परिसर में सीएमडी ने निदेशक मंडल, मुख्य सतर्कता अधिकारी और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा और श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति तथा सिस्टा, कौंसिल और ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

