बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ की भव्य शुरुआत हो गई है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए चार दिवसीय छठ महापर्व के अवसर पर शनिवार को अरपा तट स्थित 1 किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट पर काशी की गंगा आरती की तर्ज पर भव्य ‘अरपा महाआरती’ का आयोजन किया गया।

ब्रह्म बाबा आश्रम के महंत श्री श्री 1008 त्यागी प्रेम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित इस महाआरती में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्तिक मास में दीपदान के विशेष महत्व को देखते हुए समिति और श्रद्धालुओं द्वारा 5100 दीप जल में प्रवाहित किए गए, जिससे पूरा अरपा तट रोशनी से जगमगा उठा।

फायर शो और पंथी नृत्य ने बांधा समां महाआरती के दौरान छठ घाट पर अद्भुत और अलौकिक छटा देखने को मिली।
इस अवसर पर भव्य आतिशी फायर शो, पारंपरिक पंथी नृत्य और आकर्षक रंगोलियों ने लोगों का मन मोह लिया। अलग-अलग टोलियों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से अरपा मैया की आरती कर दीप प्रवाहित किए।

इस भव्य धार्मिक आयोजन में पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों सहित शहर के प्रबुद्धजनों ने एक साथ शिरकत की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सभापति विनोद सोनी, तथा कांग्रेस नेता विजय केसरवानी, राजेंद्र शुक्ला और प्रमोद नायक सहित बड़ी संख्या में छठ भक्त उपस्थित रहे।
” छट पूजा को लेकर पुलिस का विशेष ट्रैफिक प्लान जारी”
अरपा महाआरती संपन्न होने के बाद अब छठ घाट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है,
रूट डायवर्जन और नो-एंट्री- छठ घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर जाम से बचने के लिए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग तय किए गए हैं। व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि दोपहिया और छोटे वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

व्रतियों को विशेष राहत- पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए सिर पर पूजा की टोकरी (दौरी) लेकर चलने वाले छठ व्रतियों और उनके परिजनों के वाहनों को विशेष छूट दी है। इन वाहनों को घाट के बिल्कुल करीब तक जाने की अनुमति होगी, ताकि व्रतियों को अधिक पैदल न चलना पड़े।

पार्किंग की व्यवस्था- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट के आसपास 8 से अधिक पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। बिलासपुर पुलिस ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

