बिलासपुर में पत्रकारों के स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती को ध्यान में रखते हुए एक बेहद सराहनीय पहल देखने को मिली है। बिलासपुर प्रेस क्लब और अपोलो हॉस्पिटल्स के संयुक्त तत्वावधान में 1 नवंबर को एक भव्य मेगा हेल्थ चेकअप कैंप एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में अपोलो के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इस हेल्थ कैंप में 200 से अधिक पत्रकारों और उनके परिजनों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और परामर्श लिया।
शिविर में पेट एवं लीवर रोग, हृदय रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, जनरल मेडिसिन और दंत रोग के विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहे। इसके साथ ही एक्सपर्ट डायटीशियन द्वारा खानपान और सही पोषण को लेकर भी जरूरी सलाह दी गई।

शिविर में फाइब्रोस्कैन के जरिए लीवर की विशेष जांच, आंखों की जांच, मैमोग्राफी, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जैसे कई महत्वपूर्ण टेस्ट बिल्कुल निःशुल्क किए गए।
इस सफल आयोजन के पीछे बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा और उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी , सह सचिव हरिशंकर गंगवानी, कार्यकारी कैलाश यादव की अपील का बड़ा योगदान रहा, जिसके चलते बड़ी संख्या में पत्रकारों ने इसका लाभ उठाया। अपोलो प्रबंधन की ओर से विक्रम निगम और अजय जाड़े ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा जी, वीरेंद्र गहवई जी , सह सचिव हरि शंकर गंगवानी, कार्यकारी सदस्य कैलाश यादव, एस.एम. जफर, रवि शुक्ला, और अमित पाटले समेत शहर के कई वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

यह स्वास्थ्य शिविर न सिर्फ समय पर बीमारियों की पहचान का जरिया बना, बल्कि मीडिया जगत से जुड़े साथियों को सेहत के प्रति जागरूक करने का एक बेहतरीन मंच साबित हुआ।

