बिलासपुर- बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में पार्टनरशिप के नाम पर लाखों की ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कोल माइंस में हाईवा लगवाने और मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर सचिन कुमार मानिकपुरी नामक व्यक्ति ने अपनी ही पड़ोसी को 17 लाख रुपये का चूना लगा दिया।
मामला तोरवा थाना क्षेत्र के मधुसूदन हाईट्स का है यहाँ की निवासी प्रार्थिया वैशाली सिरामे को उनके पड़ोस में रहने वाले सचिन कुमार मानिकपुरी ने अपने झांसे में लिया। आरोपी कोरबा के कोल माइंस में काम करता था, जिसका फायदा उठाकर उसने प्रार्थिया को यकीन दिलाया कि अगर वे पार्टनरशिप में हाईवा खरीदकर माइंस में लगाते हैं, तो उन्हें भारी मुनाफा होगा।

भरोसे में आकर प्रार्थिया ने आरोपी को 17 लाख रुपये दे दिए ठगी को अंजाम देने के लिए आरोपी ने शातिराना तरीका अपनाया और एक फर्जी वाहन विक्रय पत्र (Forged Deed) भी तैयार किया ताकि किसी को शक न हो। जब काफी समय बीतने के बाद न तो वाहन आया और न ही पैसा, तब ठगी का अहसास होने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) गगन कुमार (IPS) को जांच सौंपी गई। जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होते ही तोरवा पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी के फरार होने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
“अपराध विवरण पट्टी”
आरोपी: सचिन कुमार मानिकपुरी (28 वर्ष)
धाराएं: 318(4), 336(3) BNS
थाना: तोरवा, बिलासपुर
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर अपील की है कि किसी भी बड़े निवेश या पार्टनरशिप से पहले दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें और किसी के बहकावे में न आये।

