बिलासपुर- बिलासपुर में व्यापार और नवाचार का महाकुंभ यानी ‘BNI व्यापार एवं उद्योग मेला’ अपने अंतिम पड़ाव पर है। पांचवें दिन इस मेले ने न केवल व्यापार, बल्कि सामाजिक सरोकार और युवाओं के सपनों को एक नई उड़ान दी। रोजगार मेला और शार्क टैंक जैसे आयोजनों ने शहर के युवाओं और उद्यमियों में जबरदस्त जोश भर दिया है।

बिलासपुर के इस भव्य मेले में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत शामिल हुए। महंत जी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि व्यापार के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाना राष्ट्रहित में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विशेष रूप से दृष्टिबाधित बच्चों को मंच देने और रोजगार मेले के जरिए युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए BNI की टीम को बधाई दी।
मेले का सबसे बड़ा आकर्षण रहा ‘रोजगार मेला’। नाइसटेक कंप्यूटर के रविंद्र प्रताप के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में 380 से अधिक युवाओं ने अपनी किस्मत आजमाई। 60 नियोक्ताओं के जुड़ाव और 38 कंपनियों द्वारा सीधे इंटरव्यू लिए जाने से युवाओं में उम्मीद की एक नई किरण जगी है। 460 से ज्यादा रिक्तियों ने बिलासपुर के टैलेंट को एक बड़ा प्लेटफॉर्म दिया है।

सिर्फ नौकरी ही नहीं, बल्कि ‘नौकरी देने वाले’ बनने की चाह रखने वालों के लिए ‘शार्क टैंक’ का आयोजन किया गया। यहाँ उभरते उद्यमियों ने अपने इनोवेटिव बिजनेस आइडियाज दिग्गजों के सामने रखे। इस प्रतियोगिता में टिनू निभानी और कपिल अग्रवाल प्रथम रहे, जबकि अन्य सफल प्रतिभागियों को भी निवेश के अवसर मिले।
मेले की भव्यता देख बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इसकी तुलना भारत प्रसिद्ध ‘ग्वालियर मेले’ से कर दी। वहीं, एसएसपी रजनेश सिंह ने इसे केवल व्यापार नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का केंद्र बताया। उन्होंने घोषणा की कि अंतिम दिन यातायात नियमों और नशा मुक्ति को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आज मेले का अंतिम दिन है। आज आपको इस्कॉन का संकीर्तन, आर्ट ऑफ लिविंग की भजन संध्या और स्वाभिमान सम्मान जैसे गरिमामय कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। मुख्य अतिथि के तौर पर बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मौजूद रहेंगे। अगर आप अब तक इस मेले का हिस्सा नहीं बने हैं, तो आज आखिरी मौका है, बिलासपुर की ऐसी ही तमाम खबरों के लिए जुड़े रहिये हमारे साथ!

