बिलासपुर सोशल मीडिया आधारित कथित भ्रामक पत्रकारिता और विज्ञापनों के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने आक्रामक रुख अपना लिया है। इस गंभीर विषय पर पारदर्शी व्यवस्था बनाने और आवश्यक कार्रवाई के लिए राज्य शासन के प्रमुख सचिव, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर बिलासपुर तथा एसएसपी को ज्ञापन सौंपा गया है।
बिलासपुर प्रेस क्लब द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने बताया कि बिलासपुर जिले में इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद को पत्रकार बताने वाले कुछ लोग अपुष्ट और भ्रामक वीडियो प्रसारित कर रहे हैं।

साथ ही, विज्ञापन और समाचार प्रकाशन के नाम पर अनचाहा दबाव बनाकर अवैध वसूली की जा रही है।

बिलासपुर प्रेस क्लब का कहना है कि यह मामला केवल किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक व्यवस्था, जनविश्वास और जिम्मेदार पत्रकारिता की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है।

इन मामलों पर समय पर उचित जाँच न होने से वास्तविक और जमीन पर मेहनत करने वाले पत्रकारों की छवि भी धूमिल हो रही है। प्रेस क्लब ने मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ाई से रोक लगाई जाए ताकि डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की गरिमा सुरक्षित रह सके।

