बिलासपुर सीएमडी महाविद्यालय और डीपी महाविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक अमर अग्रवाल ने युवाओं को देश के भविष्य की धुरी बताया।

‘विकसित भारत यूथ कन्वेंशन’ के तहत आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और सकारात्मक सोच के जरिए वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदान के अधिकार का जिम्मेदारी से उपयोग करने का आह्वान किया।

“मानसिक स्वास्थ्य और कौशल विकास पर जोर”
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, करियर की अनिश्चितताओं और सोशल मीडिया के प्रभावों पर चर्चा की गई। विधायक अग्रवाल ने युवाओं को सलाह दी कि वे भविष्य की अनावश्यक चिंता करने के बजाय वर्तमान पर ध्यान दें।

इसके साथ ही उन्होंने पारंपरिक सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्टार्टअप, कौशल विकास, तकनीक और स्वरोजगार के अवसरों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को एआई (AI), कोडिंग और डिजिटल शिक्षा के साथ-साथ अपनी लोक संस्कृति और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए।

“सात जीवन सूत्रों का संदेश”
युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए उन्होंने सात प्रमुख सूत्रों—कौशल विकास, वित्तीय अनुशासन, नशामुक्ति, योग व ध्यान, खेलकूद, नैतिक मूल्य और सामाजिक संवेदनशीलता—को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।

उन्होंने परिवार और समाज के सहयोग से युवाओं को नशे और भटकाव से दूर रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
‘साइनेक्स मिलेनियम’ प्रदर्शनी का उद्घाटन”
इसी कड़ी में, डीपी महाविद्यालय में आयोजित विज्ञान, वाणिज्य और कला की विश्वविद्यालय स्तरीय प्रदर्शनी ‘साइनेक्स मिलेनियम’ का उद्घाटन किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच,

जिज्ञासा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन की चुनौतियों को समझने और उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, संजय दुबे, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

