बिलासपुर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देश भर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विशेष उत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंगम, बिलासपुर द्वारा 18 अक्टूबर को रेल्वे राम लीला मैदान में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शहर के सफाई कर्मियों का अभिनंदन किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान रेलवे और नगर निगम में अपनी सेवाएं दे रहे 200 से अधिक हाउसकीपिंग और सफाई कर्मचारियों को शॉल और उपहार भेंटकर उनके समर्पण और श्रम का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंगम के प्रमुख संरक्षक व्ही रामा राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनके कर-कमलों द्वारा स्वच्छताकर्मियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने समाज में स्वच्छता दूतों के रूप में कार्य कर रहे इन कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इनकी मेहनत से ही हमारे शहर और रेलवे परिसर स्वच्छ व सुंदर रहते हैं।
व्ही रामा राव (संरक्षक, तेलुगु महासंगम, छत्तीसगढ़)ने कहा कि “आज अष्टमी का दिन है, नवरात्रि का दिन है… इसी उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंगम द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें स्वास्थ्य कर्मी और सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर हम लोगों ने देश के सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को सम्मान देने की कोशिश की है। शहर स्वच्छ रहता है तो हमारा जीवन भी स्वस्थ रहता है। अंतिम व्यक्ति तक मान-सम्मान पहुँचना चाहिए, इसी कड़ी में यह आयोजन किया गया है।”
सम्मान प्राप्त करने के बाद सफाई कर्मियों ने अपनी गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। रेलवे अस्पताल और हाउसकीपिंग स्टाफ की ओर से ऋतु सिंह और अन्य कर्मियों ने बताया कि इतने वर्षों से वे सेवा दे रहे हैं, लेकिन इस तरह से पहली बार उनका सम्मान हुआ है, जिससे उनका उत्साह और अधिक बढ़ गया है।
इस आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

