बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने ले जाए जा रहे 9 भैंस और भैंसों को छुड़ाया है। इस मामले में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अशोक लेलैंड ट्रक को जब्त कर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को महमंद तोरवा निवासी पुष्पेंद्र चौबे ने थाने में पशु तस्करी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अशोक लेलैंड ट्रक (क्रमांक UP 80 LT 1516) में 9 भैंस-भैंसों को क्रूरतापूर्वक भरकर कटिंग के लिए ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों और प्रार्थी की मदद से ट्रक को ग्राम ढेका के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया और थाने लाया गया।
“अलीगढ़ ले जाने की थी तैयारी”
पुलिस की जांच के दौरान वाहन चालकों के पास मवेशियों के परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन मवेशियों को कटिंग (बूचड़खाने) के लिए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ले जा रहे थे।
तोरवा पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 633/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2022 की धारा 6 और 10 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस ने 28 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान इस प्रकार है- आकाश नायर (29 वर्ष) पिता महेश नायर, निवासी धोबी मोहल्ला, मुरैना (मध्य प्रदेश)।
लच्छन यादव (36 वर्ष) निवासी ग्राम कछार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक (UP 80 LT 1516) को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

