बिलासपुर। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकरने के आरोप में गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़िता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पीड़िता का दावा है कि आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है, इसके बावजूद वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़िता ने बिलासपुर प्रेस क्लब पहुंचकर अपनी आपबीती साझा की।
“इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, साथ रहने का दावा”
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी सौरभ कुमार जैन से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने और उसके बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया था।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2024 में आरोपी बिलासपुर आया, जिसके बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और वे साथ रहने लगे। इस दौरान दोनों परिवार के साथ गोवा, रायपुर और नागपुर सहित कई जगहों पर घूमने गए तथा गणेश चतुर्थी पर परिवार के साथ पूजा में भी शामिल हुए। पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी शादी की बात से मुकर गया।
“लखनादौन गई पुलिस, खाली हाथ लौटने का आरोप ”
पीड़िता ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में लखनादौन गई थी, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका। महिला का यह भी आरोप है कि इसके बाद उसे फोन और मैसेज के जरिए धमकियां मिलने लगीं, जिसकी सूचना उसने पुलिस को दी है।
“अधिकारियों से मुलाकात के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप”
पीड़िता के अनुसार, वह न्याय और जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना प्रभारी, सीएसपी और एसएसपी से कई बार मिल चुकी है। उसका कहना है कि अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन तो मिला, लेकिन ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। पीड़िता का दावा है कि आरोपी के तीन मोबाइल नंबर सक्रिय हैं और उनकी लोकेशन लखनादौन में मिल रही है। उसने सवाल उठाया कि सबूत और लोकेशन होने के बावजूद गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है और उसे न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है।

