बिलासपुर- बिलासपुर की हाई-प्रोफाइल ‘सोनगंगा आवासीय कॉलोनी’ में 5 मंजिला अवैध बहुमंजिला इमारत का विवाद अब और गहरा गया है! दीपक कंजानी द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण से परेशान रहवासियों ने जहां सीपेज, निजता के हनन और हादसों को लेकर मोर्चा खोला था, वहीं अब इसमें एक सनसनीखेज राजनीतिक मोड़ आ गया है।

रहवासियों का गंभीर आरोप है कि जब उन्होंने इस अवैध निर्माण का विरोध किया और बिल्डर से बात की, तो उन्हें अनजान नंबरों से धमकियां दी गईं। इतना ही नहीं, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल का नाम लेकर उन्हें डराने की कोशिश की गई। जब रहवासियों को शंका हुई और उन्होंने सवाल दागे, तो कॉल करने वाले ने खुद को ‘कुमावत’ बताया।

सोनगंगा कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि शुरुआत में बिल्डर दीपक कंजानी ने अपने निजी निवास के लिए निर्माण कार्य शुरू कराया था, लेकिन अब नियमों को ताक पर रखकर लगभग 16 कमर्शियल फ्लैट्स बनाए जा रहे हैं।

संकरी सड़क होने के बावजूद चारों तरफ नियमानुसार जगह नहीं छोड़ी गई है, जिससे पड़ोसी मकानों में धूप और हवा पूरी तरह बंद हो चुकी है। ढलाई और तराई के दौरान गिट्टी, सीमेंट का मलबा पड़ोसियों की छतों और लोगों के ऊपर गिर रहा है, जिससे परिजनों की जान खतरे में है।

विवाद सिर्फ निर्माण तक सीमित नहीं है! स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पड़ोस के घरों की तरफ जानबूझकर शौचालय का वेंटिलेशन और CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिससे परिवारों की निजता पर सीधा हमला हो रहा है।
भारी गाड़ियों की आवाजाही से कॉलोनी की सड़कें और ड्रेनेज चेंबर टूट चुके हैं। लेकिन हद तो तब हो गई जब विरोध करने पर रहवासियों को फर्जी फोन कॉल के जरिए बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के नाम की धमकी दी गई। अब इस मामले ने राजनीति होने लगी है, जिससे कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है।
“रत्ना मिश्रा (स्थानीय निवासी)”
“इन्होंने निजी मकान का बोलकर काम शुरू किया और अब 5 मंजिला व्यावसायिक फ्लैट्स तान दिए हैं। हवा-रोशनी बंद हो गई है, दीवारों में सीपेज आ गया है। हमारे घर की तरफ CCTV कैमरे लगाकर निजता का हनन किया जा रहा है। जब हमने बात की तो हमें अनजान नंबर से फर्जी कॉल आए और विधायक अमर अग्रवाल जी के नाम से धमकाया गया। पूछने पर कहने लगे कि ‘कुमावत बोल रहा हूं’। हम प्रशासन से गुहार लगाते हैं कि इस अवैध निर्माण को तुरंत रोका जाए या री-कंस्ट्रक्ट कराया जाए।”
“रीता दुबे (स्थानीय निवासी)”
“गली बेहद संकरी है। दिन-रात भारी गाड़ियाँ आने से सड़क और ड्रेनेज चेंबर पूरी तरह डैमेज हो चुके हैं। बिना पुख्ता सुरक्षा और अनुमति के इतना बड़ा निर्माण आसपास के मकानों के लिए बड़ा खतरा बन गया है।”
“सीता बाल्मीकि (स्थानीय निवासी)”
“तराई और ढलाई के समय सीमेंट का पानी और मलबा सीधे हमारे घर में गिरता है। मेरे परिजनों पर भी मलबा गिरा था, लेकिन शिकायत करने के बावजूद बिल्डर कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं कर रहा है।”
“प्रकाश सर्वे (कमिश्नर, नगर निगम बिलासपुर)”
हर्ष किंगडम के बिल्डर दीपक कंजानी द्वारा अवैध रूप से 5 मंजिला भवन निर्माण की शिकायतें मिली हैं। संबंधित भवन शाखा (BA Section) को नियमानुसार स्थल जांच और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि निर्माण नियमों के विपरीत पाया जाता है, तो उसे तोड़ने की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
एक तरफ कॉलोनीवासी हवा, रोशनी, सीपेज और सुरक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विधायक के नाम का इस्तेमाल कर दी जा रही धमकियों से मामला बेहद संवेदनशील हो गया है। रहवासियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय, बिलासपुर कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम और पुलिस प्रशासन विधायक के नाम पर मिली धमकी और इस अवैध 5 मंजिला निर्माण पर क्या कड़ा एक्शन लेते हैं।

