बिलासपुर- छत्तीसगढ़ में लोक सेवा आयोग यानी CGPSC की मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर बिलासपुर में छात्रों का आक्रोश खुलकर सड़क पर आ गया है। नाराज अभ्यर्थियों ने आज एक बड़ी विरोध रैली निकालकर सरकार और आयोग के खिलाफ अपना असंतोष दर्ज कराया है।
बिलासपुर में परीक्षा को लेकर उपजा असंतोष अब एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुका है। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं और शासन-प्रशासन को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
आंदोलन में शामिल छात्र प्रशांत शर्मा ने जानकारी दी कि आज दोपहर गांधी चौक से एक विरोध रैली शुरू हुई, जो नेहरू नगर चौक तक पहुँची।
छात्रों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह विरोध प्रदर्शन महज एक दिन का नहीं है। यदि उनकी मांगों पर जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो इस आंदोलन को और भी तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारी छात्रों की अगली रणनीति अपनी आवाज़ सीधे शासन तक पहुँचाने की है। इसके तहत छात्र राज्य के उप मुख्यमंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करेंगे, ताकि वे अपनी आपत्तियाँ सरकार के समक्ष रख सकें।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग या शासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या निर्णय सामने नहीं आया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और प्रशासन छात्रों के इस प्रदर्शन पर क्या कदम उठाते हैं।

